सऊदी अरब के पूर्व गृहमंत्री अहमद बिन अब्दुल अज़ीज़ ने पिछले कुछ दिनों से लंदन में आले सऊद सरकार के विरुद्ध जारी प्रदर्शनों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एक वीडियो क्लिप में कहा है कि जो लोग यमन की वर्तमान स्थिति के ज़िम्मेदार हैं वह कोई और नहीं बल्कि स्वयं शाह सलमान और मुहम्मद बिन सलमान हैं।
राजकुमार अहमद बिन अब्दुल अज़ीज़ ने सोशल मीडिया में यह भी कहा कि सऊदी शाही परिवार में मतभेद बढ़ते ही जा रहे हैं। राजकुमार अहमद बिन अब्दुल अज़ीज़, जुलाई 2012 से नवम्बर 2012 तक पांच महीने तक सऊदी अरब के गृहमंत्री रहे थे।
उस समय सऊदी नरेश शाह अब्दुल्लाह ने उन्हें अपदस्थ करके मुहम्मद बिन नाएफ़ को गृहमंत्री बना दिया था। पिछले वर्ष नवम्बर में मुहम्मद बिन सलमान द्वारा 11 राजकुमारों की गिरफ़्तारी के तुरंत बाद अहमद बिन अब्दुल अज़ीज़, देश से फ़रार होकर अमरीका चले गये थे।
ज्ञात रहे कि सऊदी क्राउन प्रिंस के आदेश पर पिछले वर्ष दसियों राजकुमारों, व्यापारियों और सरकारी अधिकारियों को भ्रष्टाचार के आरोप में लिप्त होने के बहाने गिरफ़्तार कर लिया गया था। इन राजकुमारों में कुछ को उनसे बड़ी राशि लेने के बाद रिहा कर दिया गया था।